Post Views 71
February 7, 2026
उदयपुर | सड़क हादसे ने पहले पति की जान ली और फिर उसी सदमे में पत्नी ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र से सामने आई यह घटना पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो गई।
कल रात करीब 8 बजे, कालीवली गांव के बस स्टैंड के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही गांव के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत कुराबड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेतन, हुक्मीचंद और हेमराज को मृत घोषित कर दिया। तीन युवकों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। दूसरे दिन जब अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, तभी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। हादसे में मारे गए चेतन की पत्नी प्रेमबाई को पति की मौत का गहरा सदमा लगा और उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। चेतन और प्रेमबाई की एक साल पहले ही शादी हुई थी। शुक्रवार को पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दृश्य ने हर आंख नम कर दी। गांव में अब तक चार मौतों के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्राम पंचायत के उप सरपंच वगतराम मीणा ने हादसों के लिए सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होना जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पिछले दो-ढाई साल में 6 से 7 बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved