Post Views 61
November 22, 2025
उदयपुर। जिले के मावली के फतहनगर कस्बे में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब ईंटाली चौराहा पर शुक्रवार दोपहर में गाय का कटा हुआ सिर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कस्बे के लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और आक्रोश बढ़ने लगा। हिंदू संगठनों के सदस्यों ने चौराहे पर टायर जलाकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के चलते दोपहर करीब 3 बजे व्यापारी भी स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर समर्थन में उतर आए। सूचना मिलते ही फतहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने कटा हुआ गाय का सिर कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फतहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर के अनुसार, भैरूलाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को दोषियों की तलाश में लगा दिया गया है। मामला शांत होने के बाद शाम करीब 6 बजे व्यापारियों ने अपनी दुकानें पुनः खोल दीं। प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे। नगर पालिका उपाध्यक्ष नितिन सेठिया और बजरंग दल के जिला सह संयोजक निखिल खंडेलवाल ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई में ढिलाई बरती गई तो आगे की रणनीति सर्वसम्मति से तय की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved