Post Views 51
December 6, 2022
अजमेर, 6 दिसंबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस है। राजस्थान और देश में जब-जब कांग्रेस की सरकार रही, भ्रष्टाचार सुरसा के मुंह की तरह बढ़ा। प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है, इस बात को खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी कई बार अपने बयानों और भाषणों में स्वीकार कर चुके हैं। यही नहीं, कांग्रेस हमेशा हिन्दू विरोधी रही है और वह अब भी यही रवैया अपनाए हुए है।।
देवनानी अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को दाहरसेन मंडल में विभिन्न स्थानों पर सभाओं और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रिश्वत दिए बिना शिक्षकों के तबादले नहीं होने की बात खुद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री गहलोत की उपस्थिति में उनके द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कही थी। जब शिक्षकों ने यह बात कही थी, तब गहलोत का चेहरा देखने लायक था, लेकिन इसके बाद भी सरकार ने तबादलों में रिश्वत का खेल बंद करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
कांग्रेस सरकार जनविरोधी-चौधरी
सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनविरोधी सरकार है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा जो भी जनकल्याणकारी योजनाएं चालू की गई हैं, उन पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने ठीक तरीके से अमल नहीं किया है। कांग्रेस सरकार केवल केंद्र सरकार की योजनाओं को पलीता लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार ने 27 हजार करोड़ रूपए आवंटित किए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसमें से महज चार हजार करोड़ रूपए खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है, इसलिए अब ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है। यात्रा की उत्तर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी स्टेफी चौहान ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसलिए अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार का सफाया होना तय है। महिलाओं को अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए कांग्रेस सरकार को बाहर फेंकना होगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved