Post Views 11
November 21, 2022
देशभर में चलाई जा रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तहत प्रदेश भर में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं के जरिए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी के तहत रविवार दोपहर आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में पुष्कर में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कांग्रेस नेता सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा से प्रदेश की गांव और ढाणी को जोड़ने के लिए कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। रविवार को आरडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर के बाहर यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी और भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को हाथ में ले ब्रह्म चौक, गऊघाट, बद्री घाट, वराह घाट, नए रंग जी के मंदिर होते हुए गुरुद्वारे पर संपन्न हुई। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारे में जाकर शीश नवाया।
आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के झालावाड़ से प्रवेश करेगी और अलवर जिले से यात्रा हरियाणा की ओर मुड़ जाएगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भारत में धर्म की राजनीति कर धार्मिक वैमनस्यता फैलाने का आरोप लगाया। राठौड़ ने कहा देश सभी धर्मों के लोगों से मिलकर बना है। इसलिए सभी को एकजुट रखना जरूरी है। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को लेकर प्रदेश भर में उत्साह है। इसी के चलते प्रदेशभर से लोग यात्रा में शामिल होने को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। भारत जोड़ो यात्रा का संदेश प्रदेश के आम जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के हर ढाणी और गांव में भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved