Post Views 41
November 17, 2022
क्लॉक टावर थाना अंतर्गत मलूसर बावड़ी में दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना से मचा हड़कंप
तलाक व घरेलू हिंसा का फैमिली कोर्ट में चल रहा है वाद, पति ने जोधपुर से आकर पत्नी और सास पर किया चाकू से हमला
गुरुवार को दोपहर करीब 3:45 बजे क्लॉक टावर थाना अंतर्गत मलूसर बावड़ी इलाके में चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। दरअसल जोधपुर से आए दिनेश ने मलूसर बावड़ी में रह रही अपनी पत्नी रंजना उर्फ राजू और सास चंपा देवी पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची क्लॉक टावर थाना पुलिस ने आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर उससे वारदात के काम में लिया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना की जानकारी देते हुए थाना पुलिस ने बताया कि दिनेश और उसकी पत्नी रंजना उर्फ राजू का फैमिली कोर्ट में तलाक व घरेलू हिंसा को लेकर केस पिछले काफी सालों से लंबित है। बीच-बीच में दिनेश जोधपुर से आकर अपनी पत्नी और ससुराल वालों को डरा धमकाता रहा है लेकिन आज उसने चाकू से हमला कर पत्नी और सास को घायल कर दिया। इस मामले में दिनेश के विरुद्ध जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की तफ्तीश जारी है। वहीं घायल रंजना उर्फ राजू और उसकी मां चंपा देवी का जेएलएन अस्पताल में इलाज जारी है। जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved