Post Views 11
October 28, 2022
श्री पुष्कर मेला 2022
निजी फर्मे भी कर सकेंगी मेले में विज्ञापन
अजमेर, 28 अक्टूबर। पुष्कर मेले के दौरान निजी व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं अन्य फर्मे भी विज्ञापन कर अपने उत्पादों एवं सेवाओं की पहुंच व्यापक कर सकेंगे।
जिला कलक्टर श्री अंश दीप ने बताया कि पुष्कर मेले में देशी एवं विदेशी पर्यटक तथा श्रद्धालु लाखों की संख्या में आते है। कोरानाकाल के पश्चात मेले का आयोजन होने से इस बार के मेले में अतिरिक्त संख्या में व्यक्तियों के आने की संभावना है। देश-विदेश तक अपने उत्पादों एवं सेवाओं की पहुंच बनाने के लिए पुष्कर मेला विकास समिति द्वारा निजी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य फर्मों को सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत इनके द्वारा अपने विज्ञापन मेला ग्राउण्ड, शिल्पग्राम, विकास प्रदर्शनी स्थल, गिर प्रदर्शनी स्थल एवं पशु चिकित्सालय तथा मेला कार्यालय पुष्कर की दीवारों पर मेला अवधि में प्रदर्शित किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के लिए विज्ञापनदाता को 200 वर्गफीट तक200 रूपए प्रति वर्गफीट, 200 से 500 वर्गफीट तक 150 रूपए प्रति वर्गफीट तथा 500 वर्गफीट से अधिक पर 100 रूपए प्रति वर्गफीट शुल्क देय होगा।साथ ही मेला मैदान (स्टेडियम) में स्थित पवेलियन और स्टेण्ड के खम्भों पर विज्ञापन की दर 10 हजार प्रति खम्मा, दो द्वार ( 20 हजार रूपए प्रतिद्वार ) तथा पवेलियन की झालर, लटकन (पेलमेट) पर विज्ञापन की दर 200 रूपए प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। विज्ञापन के स्थान कम होने के कारण पहले आवेदन करने वालों को वरियता दी जाएगी। इस सम्बन्ध में विकास प्रदर्शनी उपसमिति के सदस्य सचिव डॉ. सुधाकर सैनी से मोबाईल नम्बर 9414435525 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved