Post Views 21
October 7, 2022
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले को लेकर अब जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है । जिसको लेकर जिला कलेक्टर और जिला पुलिस कप्तान सहित मेले से संबंधित तमाम अधिकारियों की बैठक पुष्कर के आरटीडीसी होटल सरोवर में आयोजित की गई। बैठक में मेले से संबंधित तमाम सरकारी विभागों के अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं सहित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। जिला कलेक्टर अंशुदीप और जिला पुलिस कप्तान चुनाराम जाट ने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से मेले से संबंधित सुझाव भी मांगे।
जिला कलेक्टर और जिला पुलिस कप्तान ने मांगे सुझाव
पुष्कर मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से मेले से संबंधित सुझाव मांगे गए। जिला कलेक्टर अंशदीप ने बताया कि 2 वर्षों के अंतराल के बाद पुष्कर मेला आयोजित किया जा रहा है। जिसके चलते पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आवक का अंदाजा लगाया जा रहा है। इसी के चलते मेले से संबंधित व्यवस्थाओं का पूर्व निर्णय लेने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। जिला पुलिस कप्तान चुनाराम जाट ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखते हुए अतिरिक्त जाब्ते की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्राप्त सुझावों के आधार पर ट्रैफिक व्यवस्थाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा।
पशु मेले को लेकर संशय की स्थिति बरकरार
हालिया दिनों में जयपुर और अलवर में और प्रजाति में मिले ग्लैण्डर रोग और गोवंश में चल रहे लम्पी रोग के चलते स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। जिला कलेक्टर अंशदीप और पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रफुल माथुर ने बताया कि पशुओं में बढ़ रहे हैं संक्रमित रोगों के कारण राज्य सरकार द्वारा पशु मेलों के आयोजन पर रोक लगाई गई है। पुष्कर पशु मेले के संबंध में अब तक राज्य सरकार से कोई दिशा निर्देश प्राप्त नहीं हुए है । आगामी दिनों में राज्य सरकार के निर्देश के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी ।
कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने किया बैठक का बहिष्कार
नगर पालिका पुष्कर के कांग्रेसी और निर्दलीय पार्षदो ने पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के संबंध में जिला कलेक्टर को अवगत कराया । इस पर जिला कलेक्टर ने बैठक का विषय अन्य होने के चलते उन्हें लिखित शिकायत देकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिला कलेक्टर के पार्षदों की बात नहीं सुनने के चलते पार्षद नाराज हो गए और बैठक का बहिष्कार कर चले गए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी सुखाराम पिंडेल, विधायक सुरेश रावत, पीसीसी उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक नसीम अख्तर, पालिका अध्यक्ष कमल पाठक, सहित जनप्रतिनिधि और मेले से संबंधित तमाम सरकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved