Post Views 101
August 24, 2022
तीर्थ नगरी पुष्कर के निकटवर्ती गांव बूढ़ा पुष्कर के पास रेलवे ट्रैक की पुलिया पर अचानक एक गोवंश ट्रेन की चपेट में आ गया । जिसके चलते करीब आधे घंटे तक ट्रेन ट्रैक पर अटकी रही । ग्रामीणों की सूचना पर रेस्क्यू करने पहुंची सिविल डिफेंस की टीम के सुनील उपाध्याय, मुकेश अजमेरा, सुरेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश को रेलवे ट्रैक से नीचे उतारा । साथ ही एनिमल केयर सोसाइटी के गो सेवक हेमंत रायता को फोन कर उनसे चिकित्सकीय मदद मांगी । सूचना पर पहुंचे हेमंत रायता ने गोवंश की प्राथमिक चिकित्सा की । इसके बाद घायल गोवंश को रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया । जंहा उसका उपचार जारी है। गौरतलब है कि अजमेर और पुष्कर के बीच चलने वाली एकमात्र ट्रेन सुबह 11:00 बजे पुष्कर की ओर आ रही थी इसी दौरान यह हादसा हो गया । गनीमत रही कि समय रहते रेलवे पुलिया से गोवंश को सकुशल नीचे उतार लिया गया । अन्यथा पुलिया के नीचे रामदेवरा जातरुओ की पैदल और वाहनों द्वारा आवाजाही जारी थी यदि गोवंश रेलवे पुलिया से नीचे गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था । रेस्क्यू के दौरान कानस गांव के ग्रामीण नीरू रावत का भी सहयोग रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved