Post Views 71
August 22, 2022
26 अगस्त को होने जा रहे छात्र संघ चुनाव 2022 के लिए सभी राजनीतिक दलों के छात्र संघ प्रत्याशियों ने कमर कस ली है। सोमवार को एमडीएस विश्वविद्यालय व अजमेर के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव,सचिवव संयुक्त सचिव पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद महाविद्यालय, संस्कृत महाविद्यालय ओर विधि महाविद्यालय में छात्र संघ प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल कराने के लिए महाविद्यालय व विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्थाएं की गई। जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में छात्र छात्राओं ने अपने अपने नामांकन दाखिल किए। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन भरने की अवधि के दौरान सभी प्रत्याशियों ने अपने अपने नामांकन दाखिल कर दिए। दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएंगी। प्रत्याशियों की फाइनल नामांकन सूची 23 अगस्त को सुबह 10:00 बजे चस्पा की जाएगी। 23 अगस्त को सुबह 11:00 से 2:00 के बीच नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 2:00 से 5:00 बजे के बीच फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार बस्ती राम राईका, उपाध्यक्ष तारा गोरा, महासचिव प्रदीप सिंह राठौड़ और संयुक्त सचिव कार्तिक शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। इसी तरह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अध्यक्ष पद के लिए महिपाल गोदारा, उपाध्यक्ष पद के लिए मुकेश मुदलिया, महासचिव पद के लिए अंकित शर्मा और संयुक्त सचिव पद के लिए संस्कृति दाधीच ने नामांकन पत्र भरा। दोनों ही दलों के छात्र संघ प्रत्याशियों ने विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं के समाधान के आश्वासन के साथ साथी विद्यार्थियों से वोट और समर्थन मांगा। इसी तरह सम्राट पृथ्वीराज चौहान में राजनीतिक सरगर्मी कुछ ज्यादा दिखाई दी क्योंकि यहां जिसे राजनीतिक पार्टी से प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया वे छात्र बगावती तेवर दिखाते हुए बागी के रूप में निर्दलीय नामांकन भरने पहुंचे। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अध्यक्ष पद के लिए सुरेंद्र गुर्जर, उपाध्यक्ष पद के लिए भावना भाटी, महासचिव पद के लिए कुशाल प्रजापति और संयुक्त सचिव पद के लिए भावना हरप्लानी ने नामांकन दाखिल किया। एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद के लिए नवीन कोमल, उपाध्यक्ष शाहिद खान, महासचिव सिद्धार्थ वैष्णव और संयुक्त सचिव चाहत मेघवंशी ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा एनएसयूआई से बागी अंकित घारू ने नामांकन दाखिल किया तो वहीं एबीवीपी के बागी राजेश चौधरी को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपना समर्थन देते हुए उम्मीदवारी घोषित कराई। रामनगर से राजकीय महाविद्यालय तक आरएलपी के जिला पदाधिकारी जुलूस की शक्ल में वाहनों के साथ राजेश चौधरी को लेकर राजकीय महाविद्यालय पहुंचे। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष इक़्तेदार खान ने बताया कि राजेश चौधरी को आरएलपी अपना पूरा समर्थन देकर विजयी बनाएगी। इसके साथ ही निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी राजनीतिक पार्टियों के सामने ताल ठोंकी है। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए राजपाल सिंह शेखावत, उपाध्यक्ष पद के लिए चेतन मेघवंशी, महासचिव पद के लिए सृष्टि गौड़ और संयुक्त सचिव पद के लिए काजल ने नामांकन दाखिल किया। राजकीय कन्या महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पैनल में मधु चौधरी अध्यक्ष, चंचल तेजावत उपाध्यक्ष, सीमा मेघवंशी महासचिव, और विशाखा संयुक्त सचिव पद की उम्मीदवार हैं। वहीं एनएसयूआई की ओर से अंजलि मीणा अध्यक्ष के लिए साक्षी भाट उपाध्यक्ष के लिए नेहा नायक महासचिव पद के लिए और हर्षिता सेन संयुक्त सचिव पद के लिए उम्मीदवारी जता रही हैं। वही एमडीएस विश्वविद्यालय सहित लगभग सभी महाविद्यालयों में शांतिपूर्ण नामांकन दाखिल कर दिए गए लेकिन ब्यावर रोड स्थित दयानंद महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों के साथ बाहरी तत्वों के साथ आए असामाजिक तत्वों ने मारपीट की जिसके बाद माहौल गरमा गया। रामगंज थाना पुलिस को मौके पर हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवी छात्रों को खदेड़ना पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सीताराम चौधरी का आरोप है कि कॉलेज के कुछ छात्रों द्वारा बाहरी छात्रों को बुलवाकर उनके पैनल के लोगों के साथ बेवजह झगड़ा किया गया जिसकी रिपोर्ट वे पुलिस को करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एबीवीपी से दयानंद महाविद्यालय में अध्यक्ष पद के लिए तरुण चौधरी, उपाध्यक्ष पद के लिए लोकेश बड़ौदा, महासचिव पद के लिए राजवीर और संयुक्त सचिव पद के लिए वर्णिता ने नामांकन दाखिल किया है। वही दयानंद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर लक्ष्मीकांत ने बताया कि लिंगदोह कमेटी की गाइडलाइन के मुताबिक चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाएंगे आज नामांकन भरने की प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है।चुनाव अधिकारी डॉ मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि डीएवी कॉलेज में कुल 16 कैंडिडेट ने नामांकन दाखिल किए हैं। जिनमें छह अध्यक्ष पद के चार उपाध्यक्ष तीन महासचिव और तीन संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार हैं। जिनकी फाइनल लिस्ट मंगलवार को जारी की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved