Post Views 11
August 22, 2022
पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के सांसद और 13वीं लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता सुदीप बंदोपाध्याय अपनी पत्नी विधायक नायना बंदोपाध्याय के साथ रविवार को तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे । पुष्कर पहुंचने पर दोनों ने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर पुष्कर सरोवर पर पूजा अर्चना की । सुदीप बंदोपाध्याय ने अपने पुष्कर आगमन को निजी यात्रा बताते हुए खुशी जाहिर की । इतना ही नहीं पश्चिम बंगाल से आने वाले यात्रियों से रुक कर बात भी की । मीडिया द्वारा पूछे गए सियासी सवालों के जवाब में सांसद सुदीप ने धार्मिक यात्रा का हवाला देते हुए सवालों से किनारा कर लिया । पुष्कर सरोवर पर स्थानीय तीर्थ पुरोहित कमल रायता ने उन्हें सरोवर पर पूजा अर्चना कर आई । इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं में स्थानीय पुलिस का जाब्ता तैनात रहा । गौरतलब है कि सुदीप बंदोपाध्याय लोकसभा की खाद्य उपभोक्ता मामले सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थाई समिति के अध्यक्ष भी हैं। इन दिनों लोकसभा की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष और सदस्य राजस्थान के दौरे पर हैं । अपने इसी दौरे के तहत सांसद सुदीप जयपुर आये थे । इसी दौरे से वक्त निकालकर वे तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे । जहां पूजा अर्चना करने के बाद वापस जयपुर के लिए रवाना हो गए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved