Post Views 241
August 22, 2022
तीर्थ नगरी पुष्कर के नए रंग जी मंदिर में रविवार शाम भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित लठ उत्सव बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया इस मौके पर लठ उत्सव के दौरान 25 फ़ीट ऊंची बांस की बल्ली पर चढ़कर लाल झंडी उतारने की प्रतिस्पर्धा को देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए रंग जी मंदिर पहुंचे। मंदिर के व्यवस्थापक सतनारायण रामावत ने बताया कि मंदिर में आयोजित लठ उत्सव से पूर्व भगवान बैकुंठ नाथ और लड्डू गोपाल की सवारी निकाली गई। भगवान के सामने माखन लूट की लीला का सजीव मंचन किया गया। कृष्ण बलराम और उनके साथी ग्वाल बालों ने पानी की बौछारों के बीच भक्तों को जमकर माखन लूटाया, वहीं कृष्ण प्रेमियों में भी माखन लूटने के लिए होड़ मच गई। करीब 2 घंटे तक चले इस लट्ठमहोत्सव में 25 फीट ऊंचे बांस की बल्ली से लाल झंडी उतारने के प्रतिस्पर्धा आकर्षण का केंद्र रही। मुल्तानी मिट्टी के साथ मेथी का लेप युक्त इस बल्ली पर लगी झंडी उतारने के लिए प्रतिभागियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में प्रतियोगिता के विजेता और उप विजेता प्रतिभागियों को मंदिर प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत किया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved