Post Views 41
August 18, 2022
बुधवार को पुनीत सागर अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने आनासागर चौपाटी पर स्वच्छता अभियान चलाया । 11 राजस्थान बटालियन एनसीसी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बीपी फर्नांडिस ने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर संपूर्ण देश में पुनीत सागर अभियान चला रहा है। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट के माध्यम से आमजन में यह संदेश पहुंचाना है कि हमें अपने जल स्रोतों को स्वच्छ और पुनीत रखना है जिससे पर्यावरण को हो रहे नुकसान के साथ-साथ पारिस्थितिकी तंत्र को बचाया जा सके । इसी अभियान के उद्देश्य को पूरा करने के लिए एनसीसी कैडेट्स संपूर्ण भारतवर्ष में पुनीत सागर अभियान के तहत विभिन्न तरह की गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं। जिसमें जल स्रोतों को पुनः जीवित करना, ग्राम, नगर, कस्बे, शहर में स्थित तालाब, बावड़ी, झील के पारिस्थितिकी तंत्र को बचाए रखने के लिए और उन्हें प्रदूषण मुक्त करने के लिए श्रमदान करना शामिल है। दयानंद महाविद्यालय प्राचार्य डॉक्टर लक्ष्मीकांत ने एनसीसी कैडेट्स को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की ।11 राजस्थान बटालियन एनसीसी यूनिट दयानंद महाविद्यालय के कैडेट ने एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट संत कुमार के नेतृत्व में पुनीत सागर अभियान के तहत आनासागर चौपाटी पर स्वच्छता अभियान चलाकर आमजन को चौपाटी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर यूनिट की ओर से हवलदार महेंद्र सिंह हवलदार नील सहित सीनियर अंडर ऑफिसर आर्यन जोशी, विकास चौधरी, लियानोर्ड ,किरण, कोमल रावत, ज्योति पूनिया सहित अनेक कैडेट उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved