Post Views 11
August 1, 2022
सोमवार को वार्ड नंबर 37 विकासनगर परबतपुरा से आये महिला पुरुषों ने आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता माधव सक्सेना और हेम नंदनी चौहान के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मिलकर क्षेत्र में आ रही जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग दोहराई। हेमनंदिनी चौहान ने बताया कि पूर्व में 21 जुलाई को भी ज्ञापन सौंपा गया था तब जिला कलेक्टर ने आश्वस्त किया था कि तत्काल समस्या का समाधान कराया जाएगा लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस क्षेत्र में इस समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए विकास नगर पर बनी पुलिया से चरनाल पेट्रोल पंप नाले तक या फिर तोषनीवाल प्राइवेट कंपनी के पास बने नाले तक सिवरेज लाइन बनाकर मिलाया जाए जिससे कि दोनों और का पानी खानपुरा तालाब में पहुंच जाएं और क्षेत्र में जलभराव भी ना हो। मौजूदा समय में जलभराव की समस्या इस कदर विकराल हो चुकी है कि लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है, पानी के टैंक में गंदा पानी जाने से पानी दूषित हो रहा है, बीमारियां फैल रही है, लोगों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन चाहे तो मात्र 1 घंटे में ही इस पुलिया की किनारे को सही तरीके से हटाकर समाधान किया जा सकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved