Post Views 11
July 29, 2022
अजमेर शहर की सीमा से 4 किलोमीटर की दूरी पर किरानीपुरा शक्तिनगर आम का तालाब में रहने वाले लगभग 5000 परिवार पिछले 14 साल से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र के लोगों की बारिश के मौसम में सबसे बड़ी समस्या है जलभराव की। क्षेत्र में ना तो सड़कें हैं और ना ही नालिया, मानसून के दौरान आने वाली बारिश का पानी क्षेत्र में जमा हो जाता है और निकलने का कोई स्थान नहीं मिलने की वजह से उसमें जानवर कीड़े मकोड़े मच्छर आदि पनपने लगते हैं। जिससे क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है। वहीं क्षेत्र के लोगों का संपर्क भी शहरी लोगों से कट जाता है। स्कूल के बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, घर के महिला पुरुष काम पर नहीं जा पाते ऐसे में लोगों को घरों में ही कैद रहना पड़ता है। हर बार स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन तक फरियाद पहुंचाई जाती है लेकिन उनकी फरियाद को सुनने वाला कोई नहीं है। आज क्षेत्र के महिला पुरुषों ने ढोल धमाकों के साथ जिला प्रशासन को जगाने के लिए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने की अपील की। महिलाओं ने बताया कि पार्षद, जनप्रतिनिधि ,नगर निगम, एडीए जिला प्रशासन सब के देवरे ढोक चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं करता। आम का तालाब क्षेत्र में 5 - 5 फुट पानी भरा हुआ है जिसको पारकर निकलना जान जोखिम में डालना है। अन्य कोई मार्ग नहीं होने से लोगों को कई तरह की तकलीफों का सामना करना पड़ता है। लिहाजा सरकार और प्रशासन जल्द से जल्द क्षेत्रवासियों की सुध ले ताकि वह भी आम लोगों की तरह सुविधाजनक जीवन जी सकें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved