Post Views 01
March 8, 2026
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित
महिलाओं की सशक्तिकरण की आधारशिला भारतीय संस्कृति के अनुसार होना आवश्यक-श्रीमती भदेल
अजमेर, 8 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से राजकीय जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के डॉं. भीमराव अम्बेडकर सभागार में विधायक श्रीमती अनिता भदेल के मुख्यातिथ्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि महिला एवं पुरूष पारस्परिक रूप से एक-दूसरे की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक क्षेत्र में विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए ही महिलाओं को सशक्त होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित संभागीगणों को पुरूषतत्व एवं स्त्रीतत्व के विषय में अध्यात्मिक एवं व्यवहारिक रूप से अवगत करवाते हुए कहा कि मानव के जीवनमूल्य में पारिवारिक संस्कार का बहुत ही अहम महत्व होता है। उन्होंने इस अवसर पर कई साहसिक वीरांगनाओं के दृष्टांत एवं संस्मरण से भी अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में साहसिक शक्ति का विकास होना आवश्यक है तभी वे सकारात्मक सोच को ध्यान में रखते हुए परिवार एवं समाज का विकास करने में अपनी महत्ती भूमिका का निवर्हन कर सकती है। उन्होंने नारी के सामाजिक उत्थान के विषय में अवगत करवाते हुए कहा कि नारी ही समाज एवं राष्ट्र का निर्माण प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से अपने संस्कारों के अनुरूप करने में महत्ती भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भडाणा ने कहा कि समाज के बदलते परिवेश में नारी शक्ति ने कई विकासन्मुख क्षेत्रों में सकारात्मक सोच रखते हुए राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी को सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि समाज के बदलते युग में महिलाओं की पहचान एक परिवार तक ही नहीं अपितु समाज एवं राज्य व राष्ट्र के निर्माण में भी हो रही है।
इससे पूर्व महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक श्रीमती मेघा रतन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अवगत करवाया कि विभाग के निर्देशानुसार 4 मार्च से 8 मार्च तक अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह का आयोजन जिले में ब्लॉंक एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके तहत विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार के तहत ब्लॉक स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा सहभागिता की गई। इस अवसर पर विभाग की योजनाओं के संबंध में अवगत करवाया गया।
उन्होंने बताया कि 5 मार्च को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग लेते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों पर महिलाओं एवं किशोरियों के लिए एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम एवं एनीमिया जांच की गई। इसी प्रकार 6 मार्च को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए पुलिस विभाग के समन्वय से आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए गैर-सरकारी संगठनों के साथ -साथ कार्यशाला का आयेाजन करवाया गया। साथ ही रैली व सिगनेचर कैंपेन आदि का संचालन किया गया। इसी प्रकार 7 मार्च को महिलाओं के उद्यमिता के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उप निदेशक श्रीमती मेघा रतन ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता एवं इस दिवस के विषय में अवगत करवाते हुए कहा सरकार ने इस कार्यक्रम को एक साप्ताहिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत विभागीय विज्ञप्ति के क्रम में प्राप्त प्रविष्टियों में से चयन कर पुरस्कृत करने सहित सभी कार्यक्रम आयोजित किये गए है।
कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत आंगनबाडी कार्यकर्ता श्रीमती शीला देवी, सहायिका श्रीमती अंजू देवी, ग्राम साथिन श्रीमती विष्णुकान्ता शर्मा, आशा सहयोगिनी श्रीमती जनता बानो को सम्मानित करते हुए 11 हजार रूपये का सांकेतिक चैक मुख्य अतिथि के द्वारा दिलवाया गया। इसके अतिरिक्त बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में तीनो संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को सम्मानित करते हुए उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालय को भी सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार उल्लेखनीय कार्य के अन्तर्गत राजस्व अधिकारी नगर निगम श्रीमती नीलू गुर्जर,,शिक्षाविद् एवं लेखिका श्रीमती कविता अग्रवाल, राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंजू श्री गुप्ता, सेवानिवृत्त सह-आचार्य डॉं. मंजू शर्मा, महिला जन अधिकार समिति की अध्यक्ष इन्दिरा पंचोली, बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती नीरा मलिक सहित अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों का सम्मान भी किया गया।
उन्होंने बताया कि सभागार प्रांगण में महिलाओं के लिए समेकित बाल विकास सेवाऎं एवं महिला अधिकारिता की योजना आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके तहत मंच से दोनों विभागों के 20-20 प्रश्न पूछे जाकर सभागार में उपस्थित महिलाओं से जवाब चाहे गए। इस पर विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रंगोली एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भगवानपुरा की प्रधानाचार्य श्रीमती वृर्तिका शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्रीमती दीप्ति शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल, मुख्य आयोजना अधिकारी श्रीमती रूद्रा रेणु, जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविन्द नारायण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती दर्शना शर्मा, जिला परियोजना प्रबन्धक राजीविका श्री मुकेश जैमन, श्री सुरेश सिंधी सहित स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved