Post Views 11
July 27, 2022
वार्ड नंबर 32 के अंतर्गत आने वाले एचएमटी चुंगी फाटक ब्यावर रोड़, अनाज मंडी से लेकर सब्जी मंडी तक बारिश का पानी कई कई फुट जमा रहने से मिनी आनासागर में तब्दील हो गया है। इसके आसपास विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों कॉलेजों के छात्र छात्राओं सहित एचएमटी व सब्जी मंडी अनाज मंडी और फैक्ट्रियों में जाने वाले हजारों मजदूरों को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है लेकिन जिला प्रशासन वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा। सड़क के बीच बड़े-बड़े गड्ढे और उन में भरा पानी दुर्घटनाओं का सबब बनता जा रहा है। दुपहिया, चोपहिया वाहन चालकों को बार-बार जाम से परेशान रहना पड़ता है। शायद इसे ही स्मार्ट सिटी कहते होंगे। वार्ड 32 के कांग्रेस पार्षद आरिफ खान ने बताया कि 4 साल पहले जब भाजपा सरकार थी तब दक्षिण विधायक अनिता भदेल और भाजपा सरकार के नेतृत्व में इस ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हुआ था लेकिन ब्रिज आज तक पूरा नहीं हुआ है। वहीं रेलवे के लगातार विकास कार्यों के चलते इस मार्ग पर पांच रेल लाइन डाल दी गई है, विद्युतीकरण हो चुका है। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना के तहत कराए गए लाइनों के दोहरीकरण कार्य के चलते सड़क और पास की जमीन में काफी ऊंचाई का अंतर आ गया है। जिससे पास में जा रहे नाले का पानी अवरुद्ध होने के चलते सड़कों पर भरा रहता है। इसके बारे में कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम से अपील की गई लेकिन अभी तक तो कोई कार्रवाई हुई नहीं है। बारिश का दौर जारी है और लोग लगातार परेशान हो रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved