Post Views 11
July 24, 2022
सावन महीने में मानसूनी बारिश ने 1 घंटे में ही शहर को सराबोर कर दिया तो वही निचली बस्तियां कई कई फुट पानी से जलमग्न हो गई अनेक स्थानों पर जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। स्मार्ट सिटी अजमेर में इन दिनों अनेकों विकास के काम चल रहे हैं जिनमें पानी की पाइप लाइन डालने का काम, सीवरेज पाइप लाइन डालने का काम, अंडरग्राउंड केबल डालने का काम जैसे कई काम किए जा रहे हैं। जिससे शहर की सड़कें पहले ही उधड़ी हुई है, ऐसे में मानसूनी बारिश ने शहर की हालत और खराब कर दी। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से कई दुर्घटनाएं भी हुई। वहीं एस्केप चैनल सहित अनेक स्थानों पर नाले की दीवार क्षतिग्रस्त होने के चलते निचली बस्तियों में कई कई फुट पानी भर गया। कई कॉलोनी की गलियां जलमग्न हो गई। खेतों में पानी घुस जाने से खड़ी फसलें नष्ट हो गई। बस्तियों के मकानों में पानी घुस गया। वार्ड 35 के गड्डी मालियान इलाके की कृष्णा कॉलोनी, सरकारी डिस्पेंसरी गड्डी मालियान, महादेव नगर, विज्ञान नगर ऐसे इलाके हैं जंहा शनिवार और रविवार सुबह हुई बरसात से खेतों में कई कई फुट पानी भर गया तो गलियों में भी घुटने तक पानी भरा रहा। जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वार्ड 35 के पार्षद पति दिलावर चौहान ने बताया कि कई बार जिला कलेक्टर और निगम प्रशासन को कृष्णा कॉलोनी में नाले की दीवार बनाने की अपील की गई लेकिन उस दीवार का निर्माण नहीं होने से थोड़ी सी बारिश में ही नाले का पानी निकल कर सड़कों कॉलोनियों और खेतों में जमा हो जाता है जिससे जहां खड़ी फसलें नष्ट हो जाती हैं तो वहीं लोगों को आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा वैशाली नगर, पंचशील, शास्त्री नगर,भजनगंज, गुलाबबाड़ी, नाका मदार, आदर्श नगर नसीराबाद रोड, ब्यावर रोड, नाका मदार, चंदवरदायी नगर, रामगंज में तेज बरसात हुई। जिससे इन इलाकों की कई कॉलोनियाँ जलमग्न हो गई बरसात से अजमेर शहर की निचली बस्तियों जैसे नगरा, भजन गंज, बिहारी गंज, गुर्जर धरती, राबड़िया मोहल्ला आदि कई क्षेत्रों में पानी जमा हो गया।बारिश के दौरान संभाग के सबसे बड़े जेएलएन हॉस्पिटल की पार्किंग के पास बनी दीवार भी धराशाई हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानी या दुर्घटना नहीं होने पाई। वही यहां लगे जनरेटर की वजह से दीवारों और इमारत में करंट फैलने का भी डर बना रहता है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अस्पताल की पुरानी इमारत की दीवार और छज्जा भी जर्जर हालत में है, लिहाजा प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द इस पर ध्यान दें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved