Post Views 11
April 10, 2020
2020 के 21 सावों को कोरोना निगल गया
प्रस्तावित शादियो की अधिकांश बुकिंग हुई कैंसिल
ब्यावर, (हेमन्त साहू)। कोरोना महामारी और लॉकडाउन का असर तीन अबूझ सहित 21 सावों पर पड़ा है। अप्रैल से जून में आने वाले इन सावों में जो शादियां प्रस्तावित थीं उनमें से अधिकांश की बुकिंग कैंसिल हो चुकी है। टेंट, हलवाई, कैटर्स, लाइट-फ्लावर डेकोरेशन, किराणा, बैंडबाजा, घोड़ी व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को अब नवंबर माह में देवउठनी ग्यारस से शुरू होने वाली शादी के सीजन से ही उम्मीद है। लॉकडाउन की वजह से तीन प्रमुख अबूझ सावे अक्षय तृतीया (26 अप्रैल), पीपल पूनम (7 मई) और बड़ला नवमी (29 जून) के सावों के कैंसिल होने से समारोह स्थल संचालक, हलवाई-कैटर्स, किराणा, पंडित, बैंड-घोड़ी व लाइट और फ्लावर डेकोरेशन से जुड़े व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कोरोना संक्रमण का साया शादी सीजन पर इस कदर मंडरा रहा है कि पार्टियों की ओर से बुकिंग कैंसिल कराने के साथ एडवांस भी मांगा जा रहा है। पंडित नवल किशोर ने बताया कि 15 अप्रैल से जून माह में प्रस्तावित शादियां कैंसिल हो चुकी है। रामनवमी व हनुमान जयंती पर अबूझ सावों पर प्रस्तावित शादियां भी कैंसिल हो गई, लेकिन बड़ी मार वर्ष 2021 में पडऩे वाली है। जहां 15 जनवरी से अप्रैल में सावों पर भी कोई कार्यक्रम नहीं होंगे। इस कारण 17 जनवरी 2021 से 13 फरवरी 2021 में गुरु तारा अस्त होगा, इसके बाद 14 फरवरी से 18 अप्रैल 2021 शुक्र तारा अस्त रहेगा। ऐसे में जनवरी, फरवरी व मार्च तक कोई मांगलिक कार्य नहीं होंगे। 19 अप्रैल से तारा उदय होने के साथ ही मांगलिक कार्य शुरू होंगे। ऐसे में जून माह के बाद एक जुलाई से 24 नवंबर तक चौमासा लगने के बाद 25 नवंबर देवउठनी ग्यारस से 11 दिसंबर तक मांगलिक कार्यक्रम होंगे। यही कारण है कि वर्ष 2021 मांगलिक कार्य महज एक महीने से भी कम अवधि में ही होंगे
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved