Post Views 851
June 9, 2017
भोपाल रिपोर्ट-। पति की प्रताड़ना से दुखी होकर महिला ने जिसके भरोसे अपने पति और बच्चों को छोड़ा था, जब उससे ही प्यार में धोखा मिला तो उसको अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि एक महीने पहले जहर खाकर खुदकुशी करने वाली महिला को उसके प्रेमी ने जहर खाने के लिए उकसाया था। जबकि उसका पति पहले से उसको प्रताड़ित कर रहा था। जांच के बाद पुलिस ने मृतका के पति और उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
तलैया टीआई मनीष राज सिंह भदौरिया के अनुसार इतवारा में रहने वाली 38 वर्षीय शाहीन अपने पति रईश खान और चार बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति महिला के साथ मारपीट करता था। पति की प्रताड़ना से दुखी होकर पति के ही दोस्त आरिफ से नजदीकी हो गई। बाद में वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी आरिफ के घर फिजी कॉलोनी में जाकर रहने लगी थी।
पति प्रेमी के घर जाकर करता था परेशान
महिला का पति रईश अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के घर जाकर वापस घर आने का दबाव बना रहा था। महिला के मना करने के बाद वह उसको जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था। महिला अपने प्रेमी आरिफ को उसके पति को समझाने के लिए कहती थी, लेकिन प्रेमी कुछ नहीं कहता था।
प्रेमी ने बोला था पति के घर जाकर खा लेना जहर
टीआई भदौरिया ने बताया कि शाहीन को उसके प्रेमी आरिफ ने बोला था कि तुम अपने पति के घर वापस चली जाओ। वहां तुम जहर खा लेना और मैं भी खुदकुशी कर लूंगा, लेकिन प्रेमी के कहने पर शाहीन ने पति के घर जाकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली, लेकिन आरिफ ने ऐसा नहीं किया। जांच के बाद आरोपी प्रेमी आरिफ और उसके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved