Post Views 71
November 27, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर। जिले के कोटड़ा इलाके में घर के आंगन में अवैध हथियार बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने वेराकातरा गांव में एक मकान पर दबिश देकर हथियार बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से 4 टोपीदार बंदूकें और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री व उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार देर शाम यह कार्रवाई की गई। कोटड़ा ग्रामीण थाना पुलिस ने वेराकातरा गांव में एक मकान पर दबिश दी, जहां आरोपी घर के आंगन में अवैध रूप से बंदूकें बना रहा था।
पुलिस ने मौके से चार टोपीदार बंदूकें बरामद कर हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय मीराराम पुत्र हामा, निवासी वेराकातरा, थाना कोटड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह कब से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था और तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी। कार्रवाई में डीएसटी उदयपुर के हेड कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved