Post Views 01
November 26, 2026
कृषक एडवाइजरी,सरसों की फसल को पेन्टेड बग और आरा मक्खी से बचाकर उत्पादन बढ़ावें
अजमेर, 26 नवम्बर। एग्री क्लिनिक एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, अजमेर के इंचार्ज श्री टीकम चंद रेगर, कृषि अनुसंधान अधिकारी (पौध व्याधि) डॉ. पुष्पा कंवर एवं पुष्पेन्द्र सिंह कृषि अधिकारी (सामान्य) ने बताया कि सरसों की फसल के शुरुआती अवस्था में पेन्टेड बग और आरा मक्खी का प्रकोप होने से काफी हानि हो सकती हैं। वर्तमान में सरसों की फसल में इन कीटों के प्रकोप होने की संभावना हैं। पेन्टेड बग को सामान्य भाषा में चितकबरा कीट या धौलिया कीट भी कहा जाता हैं। इस कीट का प्रकोप फसल की 7 से10 दिन की अवस्था पर पत्तियों का रस चुसकर फसल को नष्ट कर सकते हैं। आरा मक्खी कीट की सुण्डियां फसल के अंकुरण के 25 से 30 दिन की अवस्था में नुकसान पहुचाती हैं। इस कीट की सुण्डियां पत्तियों को खाकर केवल डण्ठल ही छोड़ती हैं। उन्होंने बताया कि पेन्टेड बग व आरा मक्खी जैसे कीटों की रोकथाम के लिए नियमित रुप से फसल में निगरानी करें एवं इनका प्रकोप दिखाई देने पर मैलाथियॉन 50 ई.सी. 1.25 लीटर अथवा डाईमिथोएट 30 ई.सी. 875 मिलीलीटर अथवा क्लोरोपायरीफॉस 20 ई.सी. 600 मिलीलीटर या थायोमेथोक्जाम 25 डब्ल्यू.जी. 100 से 125 ग्राम प्रति हैक्टेयर की दर से पानी में मिलाकर छिड़काव करें अथवा मैलाथियॉन 5 प्रतिशत चूर्ण 25 किलो प्रति हैक्टेयर की दर से सुबह या शाम के समय भुरकाव करें एवं सदैव एवं कृषि रसायनों का उपयोग करते समय चश्मा, पूरे कपड़े, मास्क व दस्तानों का उपयोग अवश्य करें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved