Post Views 01
October 14, 2026
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार दोपहर दिल्ली पहुंचे तो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। बाहर निकलते समय एक यात्री ने उन्हें टोकते हुए कहा — क्यों देश को खराब कर रहा भाई।दीपके ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ थम्स अप का इशारा किया और आगे बढ़ गए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और पुलिस बीच में आ गए। यात्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर को लेकर सीजेपी के अभियान पर सवाल उठाया था।
वही बॉन्ड, जो अब आरोप बना है
सीजेपी नेताओं को इससे पहले जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रदर्शन की कोशिश के मामले में हिरासत में लिया गया था। उस समय उन्हें 50 हजार रुपये के मुचलके पर छोड़ा गया था। अब जिन आरोपों में कार्रवाई हुई है, उनमें एक इसी बॉन्ड की शर्तें तोड़ने का है।सीजेपी की कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक नेताओं पर बिना इजाजत जंतर-मंतर में घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं।
दो प्रवक्ता पांच दिन की न्यायिक हिरासत में
पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को बुधवार को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसी मामले में गिरफ्तार तीसरे नेता अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। तीनों को मंगलवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।जंतर-मंतर को 11 अक्टूबर के स्टैंडिंग ऑर्डर में प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया था। उसकी जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है।
सीजेपी कब बनी
कॉकरोच जनता पार्टी 16 मई 2026 को बनी थी। इसकी शुरुआत मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई, जिसमें कुछ कार्यकर्ताओं और बेरोजगार युवाओं के लिए ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया गया था। बाद में उन्होंने कहा था कि उनका आशय फर्जी डिग्री लेने वालों से था। दीपके इससे पहले राजनीतिक संचार के क्षेत्र में काम करते रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved