Post Views 01
October 14, 2026
अजमेर के कोटड़ा स्थित प्रगति नगर में एडीए की अनदेखी से बदहाल पड़ा बी ब्लॉक का सबसे बड़ा पार्क, स्थानीय निवासियों में रोष
एडीए की उदासीनता के कारण बी ब्लॉक का मुख्य पार्क पहुंचा बदहाल स्थिति में.
कोटड़ा के प्रगति नगर (बी ब्लॉक) के निवासी बुधवार सुबह क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एकजुट हुए और एडीए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उनकी कॉलोनी की योजना के तहत बी ब्लॉक में सबसे बड़ा और नंबर 1 पार्क बनाया गया था. इस बड़े पार्क में सभी आवश्यक संरचनाएं बनाई गई थीं, लेकिन आज एडीए द्वारा इसकी कोई सुध नहीं ली जा रही है. पार्क की दीवारें पूरी तरह टूट चुकी हैं, साफ-सफाई का भारी अभाव है और चलने के लिए बनाए गए रैंप भी चलने लायक नहीं बचे हैं.
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा हाल ही में पार्क के दो पिलर तोड़ दिए गए हैं. पार्क में कांटेदार पेड़-पौधे उग आए हैं और रख-रखाव न होने के कारण यह बच्चों के खेलने के लिए भी सुरक्षित नहीं रहा है. निवासियों का कहना है कि अन्य पार्कों की सुध ली जा रही है, लेकिन इस सबसे पुराने और योजनाबद्ध पार्क को बिल्कुल उपेक्षित और बदहाल छोड़ दिया गया है।
इस संबंध में कुछ दिन पहले एडीए कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान या कार्रवाई नहीं की गई। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली गई है।कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि एडीए इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर पार्क की सभी व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved