Post Views 01
October 10, 2026
अजमेर: विनायक चौराहे पर सड़क हादसे के बाद बवाल, स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर सड़क पर बैठे लोग,
बाइक सवार प्रसूता और दो छोटे बच्चे गंभीर घायल, पूर्व में भी इसी चौराहे पर युवक की हो चुकी है मौत; वार्ड पार्षद हामिद खान के नेतृत्व में क्षेत्र वासियों का प्रदर्शन जारी
अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र स्थित विनायक चौराहे पर सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। दो भैंसों की आपस में टक्कर के दौरान बाइक पर सवार एक प्रसूता और उसके दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्पीड ब्रेकर बनने तक सड़क से नहीं हटने की चेतावनी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वार्ड नंबर 78 के पार्षद हामिद खान भी क्षेत्रवासियों के साथ मौके पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। लोगों ने स्पष्ट किया कि स्पीड ब्रेकर बनने तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
पहले भी हादसे में युवक गंवा चुका है जान
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी चौराहे पर पहले भी सामी नाम के युवक की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। सूचना मिलने पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। फिलहाल स्थानीय लोग पार्षद हामिद खान के साथ सड़क पर बैठकर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved