Post Views 01
October 10, 2026
ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट के नाम पर 75 वर्षीय बुजुर्ग से लाखों की साइबर ठगी
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना पड़ा भारी: साइबर ठगों ने बुजुर्ग के बैंक खातों से उड़ाए ढाई लाख रुपये
डिजिटल ज़माने में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट लेने के नाम पर भी साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ताज़ा मामला एक 75 वर्षीय बुजुर्ग से जुड़ा है, जिनसे साइबर ठगों ने अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर करीब 2.5 लाख (ढाई लाख) रुपये की ठगी कर ली। साइबर पोर्टल और एसओजी (SOG) के जरिए एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनासागर लिंक रोड निवासी 75 वर्षीय पीड़ित राजन माथुर (पुत्र ललित माथुर) ने गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की कोशिश की थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने डॉक्टर से अपॉइंटमेंट और टोकन नंबर दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से उनके आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद साइबर ठगों ने पीड़ित के एसबीआई (SBI) और पीएनबी (PNB) खातों से करीब 2.5 लाख रुपये साफ कर दिए।
कृष्ण गंज थाने के एएसआई रघुवीर दयाल ने बताया कि "साइबर फ्रॉड से संबंधित साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जहां से SOG के जरिए ज़ीरो नंबर एफआईआर प्राप्त हुई। दिनांक 09/10/2026 को एफआईआर नंबर 303, धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। परिवादी 75 वर्षीय बुजुर्ग राजन माथुर ने बताया कि उन्होंने मेदांता अस्पताल गुड़गांव में पत्नी का अपॉइंटमेंट लिया था। फोन पर टोकन नंबर देने के बहाने आधार और अकाउंट नंबर लेकर उनके SBI और PNB खातों से करीब ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। मामले की तफ्तीश हेड कांस्टेबल संदीप जी को सौंपी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन किसी भी अंजान नंबर पर अपने बैंक खाते या निजी जानकारी साझा न करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved