Post Views 01
September 24, 2026
पुष्कर में छह घंटे रुके गहलोत, पार्षदों से बातचीत का वीडियो आया सामने; मीडिया से बिना बात किए जयपुर रवाना
पुष्कर। जोधपुर नगर निगम के मेयर चुनाव से पहले पुष्कर में कांग्रेस पार्षदों की बाड़ाबंदी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करीब छह घंटे तक होटल चौहान शेरेटन में रुके। इस दौरान उन्होंने जोधपुर के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर संवाद किया।पार्षदों की बाड़ाबंदी के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में अशोक गहलोत होटल के भीतर जोधपुर के पार्षदों के साथ बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई और मेयर चुनाव को लेकर क्या रणनीति बनाई गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।इस दौरान अजमेर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ भी अशोक गहलोत के साथ मौजूद रहे।करीब छह घंटे तक पुष्कर में रुकने के बाद गहलोत जयपुर के लिए रवाना हो गए। रवाना होने के दौरान मीडियाकर्मियों ने उनसे जोधपुर मेयर चुनाव और पार्षदों की बाड़ाबंदी को लेकर बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।100 सदस्यीय जोधपुर नगर निगम में भाजपा के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षद हैं। इसके अलावा 10 निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद है। बहुमत के लिए 51 मत जरूरी हैं। ऐसे में 25 सितंबर को होने वाले मेयर चुनाव से पहले पुष्कर में हुई गहलोत की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved