Post Views 01
September 23, 2026
जयपुर। जयपुर की मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला भास्कर एन्क्लेव प्रथम स्थित बालाजी रेजीडेंसी का है, जहां रात के समय चोर घर के बाहर खड़ी एक कार के आगे के दोनों पहिए खोलकर ले गए। वारदात के बाद चोर कार को ईंटों के सहारे खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर पत्रकार कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।भास्कर एन्क्लेव प्रथम स्थित बालाजी रेजीडेंसी में रहने वाले दीक्षांत पुरोहित ने रात को अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह जब वे बाहर आए तो कार की स्थिति देखकर हैरान रह गए। कार के आगे के दोनों पहिए गायब थे और गाड़ी ईंटों के सहारे टिकी हुई थी। इसके बाद आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी मिली और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
रेजीडेंसी से पहले नई बाइक भी हो चुकी चोरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, बालाजी रेजीडेंसी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले चोर रेजीडेंसी के बाउंड्री गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे और वहां से एक नई बाइक चोरी कर ले गए थे। अब उसी क्षेत्र में कार के दोनों पहिए चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।रात के समय जिस तरह से चोरों ने कार के दोनों पहिए खोलकर गाड़ी को ईंटों पर खड़ा किया, उससे यह भी साफ है कि आरोपियों को वारदात को अंजाम देने के लिए पर्याप्त समय मिला। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण रात में घरों के बाहर वाहन खड़े करना भी चिंता का कारण बनता जा रहा है।
सप्ताहभर पहले कार से निकाल ले गए थे पेट्रोल
इलाके में वाहनों को निशाना बनाने की एक अन्य घटना करीब एक सप्ताह पहले सामने आई थी। पत्रकार कॉलोनी के पार्क के सामने स्थितराज्य निर्वाचन आयोग में मीडिया के विशेष अधिकारी सुधीर सोनी के घर के बाहर खड़ी कार से रात करीब 3 बजे चोर पेट्रोल निकालकर ले गए थे। इसके अलावा कॉलोनी में गैस सिलेंडर, वाहनों से पेट्रोल और निर्माणाधीन मकानों में रखा सामान चोरी होने जैसी घटनाओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि छोटी-बड़ी चोरी की घटनाओं के बार-बार सामने आने से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। खास तौर पर रात के समय घरों के बाहर खड़े वाहनों और निर्माणाधीन मकानों में रखे सामान को लेकर लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
लगातार वारदातों के बाद निगरानी बढ़ाने की मांग
बालाजी रेजीडेंसी से पहले बाइक चोरी और अब कार के पहिए चोरी होने के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता जताई है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात के समय नियमित गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है।फिलहाल कार के पहिए चोरी होने की घटना को लेकर पत्रकार कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। अब पुलिस की जांच में ही स्पष्ट होगा कि वारदात को किसने अंजाम दिया और क्या इलाके में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के पीछे भी वही आरोपी या कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved