Post Views 01
September 23, 2026
आधी रात को घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी, CCTV में रात 2:30 बजे कार ले जाता दिखा युवक
अजमेर के अलवरगेट थाना अंतर्गत मदारपुरा गांव के निंबोली में घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार चोरी होने से हड़कंप मच गया। पीड़ित मदारपुरा निवासी पवन सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह शाम को अपनी स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठकर देखा तो कार मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद कार का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ित ने अलवरगेट थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। CCTV फुटेज में रात करीब 2:30 बजे एक युवक स्कॉर्पियो को लेकर पहाड़ी वाले रास्ते की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी कार को लेकर गांव के आसपास कुछ देर घूमता नजर आया। इसके बाद वह पहाड़ी रास्ते से जयपुर हाईवे की तरफ कार लेकर फरार हो गया। चोरी हुई स्कॉर्पियो का नंबर RJ 01 UC 0277 बताया गया है।पीड़ित पवन सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब चार साल पहले कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी समय पर जमा करवा रहे थे। कार की अब केवल दो किस्तें बाकी थीं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और चोरी हुई कार की तलाश में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved