Post Views 01
September 18, 2026
अजमेर से इस वक्त की एक बड़ी और गंभीर खबर सामने आ रही है। हाई सिक्योरिटी जेल में बंद धनसिंह पीपरोली की सुरक्षा को लेकर उनकी पत्नी भुवनेश्वरी कंवर उर्फ रिंकू कंवर ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को भुवनेश्वरी कंवर ने पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपने पति की सुरक्षा और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में पिछले 10 महीनों से बंद धनसिंह पीपरोली की जान खतरे में होने का दावा किया गया है। मीडिया से बातचीत करते हुए धनसिंह की पत्नी भुवनेश्वरी कंवर ने बताया कि 16 जून को जेल के भीतर उनके पति पर श्रवण और आनंद नाम के बंदियों द्वारा चाकूबाजी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि यह पूरी घटना जेल के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद जेल प्रशासन ने हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय धनसिंह पर ही कार्रवाई कर दी।
धनसिंह पीपरोली की पत्नी भुवनेश्वरी कंवर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 16/06/2026 को मेरे पति पर श्रवण और आनंद द्वारा चाकूबाजी हुई और जान से मारने की धमकी दी गई। यह पूरा घटनाक्रम जेल के सीसीटीवी फुटेज में भी कैद है। इसके बावजूद जेल अधीक्षक सुखराम और चीफ हेमराज द्वारा मेरे पति को ही एक माह की सजा दे दी गई।
भुवनेश्वरी कंवर ने जेल प्रशासन पर रिश्वत मांगने और प्रताड़ित करने का भी सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जेल अधिकारियों द्वारा ₹2 लाख की मांग की गई थी। जब उनके पति ने पैसे देने से इंकार कर दिया, तो उन्हें एक महीने तक एसटीडी (STD) सेवा और मुलाकात से वंचित कर दिया गया। इतना ही नहीं, उन्हें दोबारा उन्हीं हमलावरों के साथ एक ही बैरक में शिफ्ट कर दिया गया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
पत्नी ने दावा किया कि धनसिंह पीपरोली पिछले 5 दिनों से जेल में भूख हड़ताल पर हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक है। उन्हें कोई चिकित्सीय सहायता नहीं दी जा रही है। उनकी कोई मेडिकल जांच भी नहीं कराई जा रही है।
भुवनेश्वरी कंवर ने एसपी और कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उनके पति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और केवल उनके अधिकृत वकील को ही उनसे मिलने की अनुमति दी जाए।
जेल प्रशासन पर लगे इन संगीन आरोपों के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में उच्च अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved