Post Views 11
September 16, 2026
AI और YouTube से सीखा फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर बनाना, आरोपी सौरभ शर्मा गिरफ्तार
अजमेर में एआई और मोबाइल ऐप्स की मदद से शिक्षकों के फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर ठगी करने के मामले में गंज थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा को अजमेर जेल गिरफ्तार किया है। गंज थाने के एएसआई भवानी सिंह ने बताया कि आरोपी ने YouTube और AI की सहायता से असली जैसे दिखने वाले फर्जी तबादला आदेश तैयार करना सीखा और शिक्षकों को तबादले का झांसा देकर रकम वसूलता था।मामले का खुलासा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजयसर के प्रधानाचार्य विजय जैन की रिपोर्ट के बाद हुआ। रिपोर्ट में बताया गया कि अध्यापिका सुमन देवी का अजयसर से भादरा फर्जी प्रतिनियुक्ति आदेश के आधार पर तबादला किया गया। आदेश पर संदेह होने पर डीईओ कार्यालय अजमेर और निदेशालय बीकानेर से इसकी जांच कराई गई। जांच में आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया।
गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और एआई की मदद से ट्रांसफर ऑर्डर तैयार किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी पैसे कमाने और नशे का खर्च निकालने के लिए शिक्षकों को निशाना बनाता था।
पूछताछ में आरोपी ने फर्जी आदेश बनाना सीखने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ कृष्ण गंज और मांगलियावास थाने में भी शिक्षिकाओं के फर्जी तबादला आदेश से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम का पता लगाने में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved