Post Views 01
September 12, 2026
जयपुर नगर निगम के वार्ड-62 में भाग संख्या-23 के टीला वाला स्थित मतदान केंद्र पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी वोटिंग, बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर लगेगी स्याही
जयपुर। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या-62 के भाग संख्या-23 में पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। टीला वाला, सांगानेर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर-4 में रविवार, 13 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा।
विलोपन सूची में शामिल 110 लोगों ने किया था मतदान
आयोग के अनुसार, इस मतदान केंद्र पर 11 सितंबर को हुई वोटिंग के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में शामिल 110 लोगों ने मतदान कर दिया था। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट पर विचार करने के बाद आयोग ने माना कि इस अनियमितता से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। इसके बाद राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत मतदान को निरस्त करते हुए नए सिरे से मतदान कराने का फैसला किया गया।
प्रत्याशियों को लिखित सूचना देने के निर्देश
निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की तारीख, समय और मतदान केंद्र की जानकारी चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप में देने के निर्देश दिए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved