Post Views 01
September 10, 2026
अजमेर में एडवोकेट के घर 25 लाख की बड़ी चोरी, क्लॉक टावर थाना पुलिस पर रिपोर्ट दबाने का आरोप
अजमेर के क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक एडवोकेट के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये से अधिक की नकदी, मोबाइल और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पीड़ित का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने और चोरी की रकम को एफआईआर (FIR) में कम दिखाने का दबाव बना रही है। वारदात क्लॉक टावर थाना इलाके की है, जहां पीड़ित एडवोकेट विक्रम लोथरा सुबह करीब 9 बजे अपने घर से कोर्ट के लिए निकले थे। उनके जाने के महज 15 मिनट बाद, सुबह 9:15 बजे चोर मकान के पिछले हिस्से से दाखिल हुआ। शातिर चोर ने हथौड़े, छेनी और पाइप से दीवार के पत्थर तोड़े, अंदर का कुंडा खोला और घर में रखे 25 लाख 25 हजार रुपये नकद, मोबाइल और महंगी घड़ियां एक बोरे में भरकर सुबह 10:30 बजे फरार हो गया। चोर के आने-जाने की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पीड़ित विक्रम लोथरा एडवोकेट ने बताया कि दिनांक 8 तारीख की घटना है उन्होंने घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दी और सीसीटीवी फुटेज भी क्लॉक टावर थाने में सौंप दी। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने पहले उन्हें मीडिया में न जाने की सलाह दी और बाद में 25 लाख रुपये की जगह रिपोर्ट में केवल 'लाखों रुपये' की चोरी लिखने पर मजबूर किया। पुलिस की इस सुस्त और संदिग्ध कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved