Post Views 01
August 24, 2026
अजमेर में फर्जी ट्रांसफर आदेश से मनचाही पोस्टिंग की कोशिश, शिक्षिका निलंबित
अजमेर में मनचाही पोस्टिंग हासिल करने के लिए कथित तौर पर फर्जी ट्रांसफर एवं शिक्षण व्यवस्था आदेश पेश करने का मामला सामने आया है। मामले में विभाग ने शिक्षिका सुमन देवी को निलंबित कर दिया है, जबकि गंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के इस्तेमाल का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंज थाने के ASI भवानी सिंह राठौड़ के अनुसार, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजयसर के प्रधानाचार्य विनय कुमार जैन ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि 19 अगस्त को सुमन देवी ने बीकानेर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के नाम से जारी 18 अगस्त का आदेश पेश किया। इसमें उन्हें हनुमानगढ़ के भादरा ब्लॉक स्थित विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था के तहत भेजे जाने का उल्लेख था। बाद में विभागीय सत्यापन में ऐसा कोई आदेश जारी नहीं होना सामने आया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 21 अगस्त को शिक्षिका को निलंबित कर मुख्यालय भिनाय बीईओ कार्यालय तय किया। गंज पुलिस ने 23 अगस्त को मामला दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved