Post Views 51
August 24, 2026
पुष्कर में कांवड़ यात्रा के बीच डीजे पिकअप का खतरनाक स्टंट, वायरल वीडियो ने मचाई हलचल
अजमेर/पुष्कर। कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्कर में डीजे पिकअप से खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रामधाम चौराहे के पास डीजे से सजी पिकअप को एक तरफ से ऊंचा उठाकर जोखिम भरा स्टंट करते हुए देखा जा सकता है। जिस समय यह स्टंट किया गया, उस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ऐसे में जरा सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक वीडियो सोमवार सुबह का, जबकि दूसरा वीडियो आज का है। यानी लगातार दो दिनों में डीजे पिकअप से स्टंट के वीडियो सामने आए हैं। इससे कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।गौरतलब है कि पिछले साल भी कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पिकअप से इसी तरह के खतरनाक स्टंट के वीडियो सामने आए थे। तब प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक और वाहन के खिलाफ कार्रवाई की थी। साथ ही कांवड़ यात्रा में डीजे पिकअप के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई थी।अब एक बार फिर ऐसे वीडियो सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे जानलेवा स्टंट पर तत्काल रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो के आधार पर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved