Post Views 01
August 18, 2026
पुष्कर में 125 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण, 43.50 करोड़ के उप जिला अस्पताल का मंत्री रावत ने किया निरीक्षण
जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने मंगलवार को पुष्कर के गुर्जर भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के करीब 125 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की। मंत्री रावत ने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रावत ने बताया कि शुरुआत में विधायक मद से 90 स्कूटियों के लिए राशि जारी की गई थी। इसके बाद आवश्यकता को देखते हुए 35 स्कूटियां और बढ़ाई गईं, जिसके बाद कुल संख्या 125 हो गई। उन्होंने कहा कि अभी भी कुछ पात्र दिव्यांगजन शेष हैं और उन्हें भी आगामी एक वर्ष के भीतर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांगजनों को स्कूटी उपलब्ध कराने के लिए विधायक मद से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की वयोश्री योजना का भी उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को चलने-फिरने में सहायता, छड़ी, चश्मे सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है।रावत ने कहा कि सरकार समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निकाय चुनाव पर बोले—टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा
आगामी नगर निकाय चुनावों से जुड़े सवाल पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि चुनाव की अपनी निर्धारित प्रक्रिया होती है और भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पुष्कर के विकास के लिए वर्तमान सरकार ने कई कार्य किए हैं और आगे भी विकास का सिलसिला जारी रहेगा।टिकट वितरण को लेकर रावत ने कहा कि किसे प्रत्याशी बनाया जाएगा, इसका निर्णय भाजपा संगठन और पार्टी नेतृत्व करेगा। पार्टी अच्छे कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सक्रिय चेहरों का मूल्यांकन करने के बाद निर्णय लेती है।
43.50 करोड़ के उप जिला अस्पताल के निर्माण का निरीक्षण
स्कूटी वितरण कार्यक्रम के बाद मंत्री सुरेश सिंह रावत बूढ़ा पुष्कर स्थित राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और निर्माणाधीन अस्पताल के कार्यों का निरीक्षण किया।मंत्री रावत ने बताया कि लगभग 43 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से उप जिला अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों, चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों और ठेकेदार के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।रावत ने कहा, “निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह पुष्कर के लिए मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है।” उन्होंने अस्पताल की ड्राइंग और डिजाइन का भी अवलोकन किया तथा अंतिम डिजाइन स्वीकृत किए जाने से पहले वरिष्ठ चिकित्सकों से सुझाव लेने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक अस्पताल तैयार हो सके। मंत्री ने कहा कि अस्पताल बनने से पुष्कर शहर के साथ आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी और गंभीर उपचार के लिए अजमेर जाने की निर्भरता कम होगी। निर्माण कार्य की समय सीमा करीब दो वर्ष रखी गई है। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक 10 से 15 दिन में स्वयं कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग करेंगे।
निरीक्षण के दौरान पूर्व सभापति कमल पाठक, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण वैष्णव, जिला उपाध्यक्ष अशोक पाराशर, मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved