Post Views 31
August 17, 2026
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्तियां कीं, राजस्थान के दो बड़े नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी, नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न नेताओं को राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं अन्य दायित्वों पर नियुक्त किया है। रविवार, 17 अगस्त को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।राजस्थान के लिहाज से नई टीम में दो प्रमुख नाम खास हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सतीश पूनिया राष्ट्रीय महामंत्री
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के कुल 13 पदाधिकारियों में राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया को जगह दी गई है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्रियों की आठ सदस्यीय सूची में राजस्थान से डॉ. सतीश पूनिया को शामिल किया गया है। राजस्थान के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा में भी इसका राजनीतिक महत्व माना जा रहा है।
BJP ने बनाए 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से
बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से डॉ. भारती प्रवीण पवार और पंजाब से सरदार मनजीत सिंह बादल सहित अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सूची में मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, कर्नाटक से प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश से प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल से डॉ. मधुचंद्र कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
बी.एल. संतोष राष्ट्रीय महामंत्री संगठन
पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।राष्ट्रीय संगठन की इस टीम के जरिए भाजपा ने विभिन्न राज्यों के नेताओं को केंद्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
सतीश पूनिया सहित 8 राष्ट्रीय महामंत्री
भाजपा की ओर से जारी सूची में आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इनमें महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से सुनील बंसल, त्रिपुरा से बिप्लब कुमार देब, उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी, राजस्थान से डॉ. सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश से हरीश द्विवेदी और हरियाणा से संजय भाटिया शामिल हैं।सतीश पूनिया राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं और अब उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सात मोर्चों के अध्यक्ष भी नियुक्त
भाजपा ने अपने सात प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा, बिहार के शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा और उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान दी गई है। इस तरह राजस्थान से वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया के साथ डॉ. मन्नालाल रावत को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिला है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम की भी घोषणा
भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के पद पर उत्तराखंड के अनिल बलूनी को नियुक्त किया है। मीडिया सह संयोजक के तौर पर मध्य प्रदेश के आशीष उषा अग्रवाल तथा दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
सोशल मीडिया संयोजक के पद पर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नियुक्त किया गया है। सोशल मीडिया सह संयोजकों में महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव शामिल हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी नियुक्ति आदेश में कहा गया है कि ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
राजस्थान से इन नेताओं को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
वसुंधरा राजे सिंधिया — राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
डॉ. सतीश पूनिया — राष्ट्रीय महामंत्री
डॉ. मन्नालाल रावत — एसटी मोर्चा अध्यक्ष
राजस्थान के तीन नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी के बाद प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved