Post Views 01
August 16, 2026
पुष्कर से डाक कावड़ लेकर अजमेर पहुंचे महाकाल ग्रुप के भोले भक्त, शिव मंदिर में किया अभिषेक
अजमेर। अशोक विहार कॉलोनी की गली नंबर 7 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार सुबह भक्तिमय माहौल देखने को मिला। महाकाल ग्रुप के भोले भक्त पुष्कर से डाक कावड़ लेकर अजमेर पहुंचे और मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक किया।
महाकाल ग्रुप के कावड़िए सुबह पुष्कर पहुंचे थे, जहां से डाक कावड़ लेकर अजमेर के लिए रवाना हुए। करीब 40 मिनट में कावड़िए दौड़ते हुए अजमेर पहुंचे। इस दौरान डीजे की धुन पर ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया।
गली नंबर 7 स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। कावड़ियों के पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भोले भक्तों का स्वागत-सत्कार किया।
बताया जा रहा है कि गली नंबर 7 स्थित यह शिव मंदिर करीब 50 से 55 वर्ष पुराना है और वर्तमान में मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। महाकाल ग्रुप के सदस्यों ने पहली बार डाक कावड़ यात्रा का आयोजन किया।
डाक कावड़ आयोजन को सफल बनाने में महाकाल ग्रुप के जयदीप खत्री और योगेश आलूदिया के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में शिवभक्ति से ओतप्रोत आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved