Post Views 01
August 16, 2026
पुष्कर से अजमेर पहुंची विशाल कावड़ यात्रा, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा शहर
अजमेर। सावन मास में झरनेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। पुष्कर से सैकड़ों की संख्या में कांवड़िए पवित्र जल लेकर अजमेर पहुंचे। यात्रा के दौरान डीजे की धुन पर भोलेनाथ के भजनों पर कांवड़िए झूमते नाचते नजर आए और पूरा माहौल शिवमय हो गया।
कावड़ यात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर महिला-पुरुष और युवाओं ने उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लिया। रास्ते में जगह-जगह व्यापारियों और आमजन ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। खास बात यह रही कि दरगाह के बाहर खादिम समुदाय के लोगों ने भी कावड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। इससे आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।कावड़िए जब झरनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे तो पूरी झरनेश्वर महादेव समिति के साथ मिलकर विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का पवित्र जल से अभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए जिससे पूरा मंदिर परिसर शिव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved