Post Views 01
August 14, 2026
माकड़वाली में पुलिस चौकी का लोकार्पण, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा—विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने किया शुभारंभ
अजमेर। कृष्णगंज थाना क्षेत्र के माकड़वाली में शुक्रवार को अस्थाई पुलिस चौकी का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा किया गया। आयुष्मान आरोग्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शुरू की गई चौकी से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के उद्देश्य से पुलिस चौकी शुरू की गई है। चौकी खुलने से माकड़वाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही आमजन को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
पुलिस चौकी के शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस चौकी शुरू किए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में पुलिस चौकी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। चौकी शुरू होने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तक पहुंच आसान होगी।
माकड़वाली में अस्थाई रूप से शुरू की गई पुलिस चौकी को लेकर स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved