Post Views 01
August 14, 2026
पिलर से टकराई रोडवेज बस, 10 यात्रियों को मामूली चोटें, भारत पेट्रोल पंप एलिवेटेड रोड के नीचे हुआ हादसा, घायलों का जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी
अजमेर। ब्यावर से जयपुर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस शुक्रवार को एलिवेटेड रोड के नीचे भारत पेट्रोल पंप से पहले एक पिलर से टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में करीब 7 से 10 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। चालक और परिचालक को भी हल्की चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चालक एलिवेटेड रोड के नीचे से बस लेकर जा रहा था। इसी दौरान सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली।
राजस्थान रोडवेज केंद्रीय बस स्टैंड (CBS) के ड्यूटी ऑफिसर समीर शर्मा ने बताया कि चालक देवी सिंह और परिचालक हमीर सिंह को मामूली चोटें आई हैं। दोनों का जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं सवारियों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved