Post Views 01
July 11, 2026
84 साल पुराने शिव मंदिर में आज होगी भगवान वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) की प्राण-प्रतिष्ठा
अजमेर। आदर्श नगर स्थित 84 वर्ष पुराने शिव मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) के दो दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य आयोजन रविवार को होगा। शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठानों, भव्य शोभायात्रा और हवन का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के जयघोष किए तथा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
मंदिर के सचिव सुनील गोयल ने बताया कि शनिवार सुबह भगवान श्री वेंकटेश्वर को अनाधिवास से जागृत कर कांकण डोरी संस्कार कराया गया। तिरुपति से पधारे विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में जलाधिवास सहित सभी वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा में राजस्थानी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों, बिगुल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच कलाकारों ने भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
शोभायात्रा के बाद भगवान के विग्रह को यज्ञशाला में विराजित कर हवन कराया गया। सायंकाल शयनाधिवास के साथ प्रथम दिवस के कार्यक्रमों का समापन हुआ। शनिवार के सभी धार्मिक अनुष्ठानों के मुख्य यजमान बी.पी. मित्तल, श्रीमती सुषमा रानी मित्तल, अनूप मित्तल, श्रुति मित्तल, डॉ. अनुज मित्तल एवं डॉ. वनिता मित्तल परिवार रहे।
रविवार को प्रातः 9:30 बजे भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे हवन की पूर्णाहुति, 12:15 बजे महाआरती तथा इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
सचिव सुनील गोयल ने बताया कि भुवनेश्वर से विशेष रूप से तैयार होकर आया भगवान श्री वेंकटेश्वर का लगभग 250 किलोग्राम वजनी काले पाषाण का दिव्य विग्रह अत्यंत मनोहारी है, जिस पर भगवान के दशावतारों का सुंदर अंकन किया गया है। वर्ष 1942 में स्वर्गीय मोतीलाल मित्तल द्वारा स्थापित इस मंदिर में उनकी पांचवीं पीढ़ी द्वारा यह ऐतिहासिक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न कराया जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved