Post Views 01
July 10, 2026
पुष्कर से भाजपा का संगठनात्मक संदेश, ब्रह्मा मंदिर दर्शन के बाद चुनावी तैयारी पर बोले नेता
राजस्थान भाजपा के महामंत्री संगठन अजय कुमार शुक्रवार को तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध जगत पिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए और पुष्कर सरोवर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। पुष्कर पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।अजय कुमार का यह पुष्कर प्रवास धार्मिक आस्था के साथ-साथ संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले अजमेर में भाजपा की संभाग स्तरीय दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संगठन के आगामी रोडमैप, आने वाले कार्यक्रमों और पूर्व में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने बताया कि अजय कुमार का जयपुर और अजमेर प्रवास था। अजमेर में संगठनात्मक बैठकों के बाद वे पुष्कर राज के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुष्कर राज के दर्शन से ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। दर्शन के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया गया। राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कैलाश मेघवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाषा की मर्यादा और राजनीतिक शुचिता को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले हर व्यक्ति को भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। मेघवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में भाषा की शुचिता को लेकर संस्कार और प्रशिक्षण की कमी है, जबकि भाजपा इस विषय को गंभीरता से लेती है। आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर मेघवाल ने कहा कि भाजपा संगठन हमेशा चुनावी तैयारी में रहता है। बूथ से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन सक्रिय है। उन्होंने दावा किया कि कभी भी चुनाव हों, भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। आने वाले पंचायत राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर भी संगठन स्तर पर लगातार तैयारियां चल रही हैं। पुष्कर प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम, भाजपा नेता सरिता गेना, निवर्तमान सभापति कमल पाठक, जिला देहात भाजपा प्रवक्ता अरुण वैष्णव और पुष्कर मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved