Post Views 01
July 9, 2026
अजमेर में नाली निर्माण को लेकर बवाल, रिटायर्ड हेड कांस्टेबल से कथित मारपीट का मामला सीसीटीवी में कैद
अजमेर। शहर के अलवर गेट थाना क्षेत्र स्थित शक्तिनगर आजाद पथ, वाल्मीकि कॉलोनी में नाली निर्माण को लेकर विवाद के दौरान जीआरपी पुलिस से सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल विजय सिंह के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अलवर गेट थाने में शिकायत देकर पड़ोसी महिला जशोदा नरवाल एवं उसके परिजनों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार विजय सिंह ने क्षेत्र में नाली के पानी की निकासी की समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त को परिवाद दिया था। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को जेईएन और ठेकेदार की टीम नाली निर्माण कार्य शुरू करने मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान जशोदा नरवाल अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही नाली को क्षतिग्रस्त कर पानी की निकासी भी बाधित कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की, मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया तथा हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में कथित रूप से मारपीट और मौके पर मौजूद महिलाओं द्वारा बीच-बचाव करते हुए भी देखा जा सकता है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved