Post Views 01
July 9, 2026
अजमेर RTO को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने से मचा हड़कंप
अजमेर। जयपुर रोड स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरटीओ की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे मेल में कार्यालय परिसर में 7 आरडीएक्स और जहरीली सायनाइड गैस होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईडी, डॉग स्क्वायड और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 5 बजे प्राप्त हुआ था, लेकिन बिजली और नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण अधिकारियों ने इसे दोपहर करीब 2 बजे पढ़ा। जबकि ईमेल में कार्यालय को दोपहर 1:10 बजे उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही डीटीओ राजीव शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को अवगत कराया और एहतियातन आरटीओ परिसर को खाली करा दिया गया।
एडिशनल आरटीओ प्रकाश टहल्यानी ने बताया कि मेल मिलते ही पुलिस को सूचना देकर जांच शुरू कराई गई। प्रारंभिक जांच में ईमेल भेजने वाले ने खुद को एक कथित इस्लामिक संगठन से जुड़ा बताया है और पैगंबर मोहम्मद के कथित अपमान का बदला लेने की बात लिखी है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। साइबर टीम ईमेल के आईपी एड्रेस, सर्वर और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर प्रेषक की पहचान करने में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved