Post Views 01
July 10, 2026
जयपुर। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को संदेश भेजकर अलग-अलग ग्रुपों, निवेश योजनाओं और अन्य गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित किया जा रहा है। यह अकाउंट लोगों को मैसेज भेजकर विभिन्न ग्रुपों, निवेश योजनाओं और अन्य गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
फर्जी अकाउंट से कोई संबंध नहीं: संजय शर्मा
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस फर्जी अकाउंट से उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी संदेश, लिंक, निवेश संबंधी प्रस्ताव या वित्तीय लेनदेन के अनुरोध पर भरोसा न करें।
उन्होंने आमजन को आगाह करते हुए कहा कि बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर या अन्य व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अकाउंट के साथ साझा नहीं की जानी चाहिए। ऐसे मामलों में थोड़ी सी असावधानी भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
फर्जी अकाउंट को रिपोर्ट करने की अपील
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्माने लोगों से अनुरोध किया कि यदि उनके नाम से संचालित कोई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट दिखाई दे, तो उसे तत्काल संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें। इससे साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलेगी और अन्य लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।
साइबर ठगी के नए तरीके अपना रहे अपराधी
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल, लिंक, ग्रुप या निवेश योजना पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
प्रदेश में इन दिनों तबादलों का दौर चल रहा है। ऐसे समय में साइबर ठग मंत्री, अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्तियों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से संपर्क साधने और ठगी करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में आमजन को सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदेशों और वित्तीय प्रस्तावों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
जानकारी के अनुसार मंत्री के नाम से ठगी की कोशिश करने वाले फर्जी अकाउंट को लेकर संबंधित स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved