Post Views 31
July 4, 2026
पूर्व मुख्यमंत्री ने जयपुर मेट्रो फेज-2 के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने एसएमएस स्टेडियम के इंडोर हॉल में आयोजित जयपुर मेट्रो द्वितीय फेज के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को मिली विकास परियोजनाओं को प्रदेश के लिए बड़ी सौगात बताया।
श्रीमती राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार का दिन राजस्थान के लिए सौगात दिवस बना दिया है। उन्होंने कहा कि जब भी राजस्थान ने कोई सपना देखा, मोदी जी ने उसे साकार किया। रिफाइनरी से लेकर मेट्रो विस्तार तक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान के विकास को नई गति मिली है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 जनवरी 2018 को रिफाइनरी की नींव रखी थी और अब उन्होंने ही इसका उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि यह राजस्थान के औद्योगिक विकास, रोजगार और आर्थिक प्रगति की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
श्रीमती राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही 3 जून 2015 को जयपुर की पहली मेट्रो सेवा शुरू हुई थी। अब जयपुर मेट्रो फेज-2 की नींव रखकर ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ की कल्पना को और आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करेगी और आमजन को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी परियोजनाएं प्रधानमंत्री मोदी के ‘न्यू इंडिया’ मिशन को पंख लगाने का काम करेंगी। इससे न केवल शहरी परिवहन को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
श्रीमती राजे ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी इस अवसर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक गोपाल शर्मा, मेट्रो के चेयरमैन वैभव गालरिया और जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक ने पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे का स्वागत किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved