Post Views 51
July 4, 2026
पीएम बोले—भाजपा जो प्रोजेक्ट शुरू करती है, उसे पूरा करके दम लेती है, नया भारत अपने संकल्पों से पीछे नहीं हटता
बालोतरा/जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर रहे। जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन और ‘उड़ान 2.0’ की शुरुआत के बाद वे दोपहर करीब 12 बजे बालोतरा के पचपदरा पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने देश की आधुनिक रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का अवलोकन किया और विशेषज्ञों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया और जयपुर मेट्रो फेज-2 की वर्चुअल आधारशिला भी रखी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिफाइनरी के टैंकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। मंच पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री को शॉल ओढ़ाकर और झरोखा भेंट कर स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि गर्मी के मौसम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना यह दिखाता है कि भाजपा सरकार के प्रयासों पर जनता का विश्वास कितना मजबूत है। उन्होंने कहा कि वे राजस्थान की माटी के ऋणी हैं। आज राजस्थान की धरती से भारत ने विकसित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारें परियोजनाओं का शिलान्यास कर उन्हें अधूरा नहीं छोड़तीं, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात काम करती हैं। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी इसका प्रमाण है। दो महीने पहले रिफाइनरी में हादसा हुआ, लेकिन इसके बावजूद तेजी से कार्य पूरा किया गया। यह कठिन परिश्रम और संकल्प का परिणाम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनौती कितनी भी बड़ी क्यों न हो, नया भारत अपने संकल्पों से पीछे नहीं हटता और अपनी रफ्तार कम नहीं करता। उन्होंने कहा कि पश्चिमी एशिया में हुए युद्ध के कारण 21वीं सदी का बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हुआ, लेकिन भारत ने दृढ़ इच्छाशक्ति और बेहतर प्रबंधन से इस चुनौती का सामना किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध के समय भारत की दूसरे देशों से मित्रता और कूटनीति बहुत काम आई। पहले भारत 25-26 देशों से ईंधन खरीदता था, लेकिन संकट के समय यह संख्या 40 देशों तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि युद्ध के समय भारत की डिप्लोमेसी का प्रभाव दुनिया ने देखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल-डीजल से ही कंपनियों को करीब 75 हजार करोड़ रुपये का घाटा हुआ। यह राशि इतनी बड़ी थी कि इससे एक नई रिफाइनरी बन सकती थी। उन्होंने कहा कि यह घाटा सरकारी खजाने से वहन किया गया, ताकि आमजन पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
उन्होंने कहा कि युद्धजनित परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 2 हजार रुपये तक जा सकती थी, लेकिन सरकार ने बेहतर प्रबंधन किया। इसी का परिणाम है कि सिलेंडर करीब 950 रुपये के आसपास उपलब्ध हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने राजस्थान में जल संकट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान लंबे समय से जल संकट का सामना करता रहा है, लेकिन कांग्रेस ने इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्रवाद और बंटवारे की राजनीति नहीं करती, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करती है।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे थे। उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और टर्मिनल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें ‘उड़ान 2.0’ का प्रजेंटेशन भी दिखाया गया।
पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन को राजस्थान के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला से राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved