Post Views 01
July 3, 2026
जयपुर। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ हृदय संबंधी समस्या के चलते जयपुर के जवाहर सर्किल स्थित इटरनल हॉस्पिटल में भर्ती हुए हैं। वे अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ जयपुर पहुंचे। अस्पताल में उनकी कार्डिएक जांच की जा रही है और आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया के तहत एंजियोप्लास्टी की तैयारी बताई जा रही है।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे इटरनल हॉस्पिटल गए, जहां प्रारंभिक जांच के लिए उन्हें इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनके जरूरी रूटीन मेडिकल टेस्ट किए।
चिकित्सकों के अनुसार, धनखड़ की यह विजिट पहले से तय कार्डिएक फॉलो-अप का हिस्सा है। उनके कुछ प्रारंभिक चेकअप पहले ही पूरे किए जा चुके थे। अस्पताल में उनकी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए डॉक्टरों की टीम पूरी सतर्कता के साथ स्वास्थ्य परीक्षण और आगे की प्रक्रिया कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जगदीप धनखड़ के हृदय संबंधी उपचार और एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा की देखरेख में की जा रही है। उनकी टीम पूर्व उपराष्ट्रपति की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
इससे पहले मार्च 2025 में भी हृदय संबंधी समस्या के चलते जगदीप धनखड़ को नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका कार्डिएक प्रोसीजर हुआ था। इसके अलावा इसी वर्ष 12 जनवरी को अचानक बेहोश होने की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कर एमआरआई जांच कराई गई थी।
कार्डिएक जांच और आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया के बाद धनखड़ के जयपुर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस लोकभवन जाने की संभावना है, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद उनका शारदा नर्सिंग होम जाने का कार्यक्रम बताया जा रहा है, जहां डॉ. राहुल शारदा द्वारा उनके नेत्रों की विस्तृत जांच की जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार, यह नेत्र जांच भी उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है।
पूर्व उपराष्ट्रपति के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल रही। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जगदीप धनखड़ की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved