Post Views 01
June 18, 2026
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नेशनल चैम्पियनशिप और पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त 50 खिलाड़ियों को कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति दिए जाने की मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने इन खिलाड़ियों को माध्यमिक शिक्षा विभाग आवंटित किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है।
जानकारी के अनुसार नेशनल चैम्पियनशिप और पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त इन 50 खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच और परीक्षण किया गया। जांच के बाद सभी खिलाड़ियों को नियुक्ति के योग्य पाया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इन्हें नियुक्ति प्रदान करने के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है।
स्वीकृति मिलने के बाद अब शीघ्र ही इन 50 खिलाड़ियों को माध्यमिक शिक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर पदस्थापित किया जाएगा। इस निर्णय से पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर मिलेगा और उन्हें अपने खेल करियर के साथ स्थायी रोजगार का संबल भी प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय से प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों के सम्मान को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य सरकार का यह कदम खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved