Post Views 01
June 10, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण
प्रदेश की खुशहाली के लिए जिला स्तर पर की गई विशेष पूजा अर्चना
प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की
अजमेर, 10 जून। प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना के लिए बुधवार को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नगीना बाग रोड़ पर स्थित श्री सीताराम जी महाराज मन्दिर में विशेष पूजा अर्चना एवं मंगल कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नगीना बाग रोड़ पर स्थित श्री सीताराम जी महाराज मन्दिर में सुबह आयोजित किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के समानान्तर ही अन्य सभी उपखण्डों के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की गई।
उन्होंने बताया कि उपखण्ड किशनगढ़ में निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद, केकड़ी में पंचमुखी बालाजी मन्दिर एवं सरवाड़ में भीमेश्वर महादेव मन्दिर में विशेष आयोजन हुए। इसी प्रकार सावर में श्री अखाड़ा बालाजी मन्दिर, भिनाय में मन्दिर श्री कुण्ड बालाजी तथा अरांई में श्री कल्याण जी मन्दिर में ग्रामीणों द्वारा खुशहाली की कामना की गई।
उन्होंने बताया कि रूपनगढ़ में तेजाजी महाराज मन्दिर सुरसुरा, पीसांगन में श्री राम मन्दिर, पुष्कर में मन्दिर श्री ब्रह्माजी महाराज एवं नसीराबाद में मुख्य बाजार दिलवाड़ा स्थित शिव मन्दिर में विशेष पूजा आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सबसे लम्बे समय तक (12 वर्ष से अधिक) निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरे कार्यकाल में नव कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती गरिता गैना, शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गिरिश बचानी, उपखण्ड अधिकारी श्रीमती पद्मा देवी सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved